मुरादनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम मिल्क रावली निवासी रवि शर्मा की सरेआम गोली मारकर की गई हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी संदर्भ में आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने ग्राम रावली पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। दुहाई पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और नेतृत्व के साथ खड़े होकर पीड़ित परिवार के प्रति अपनी एकजुटता प्रकट की। मेरठ से पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल भी साथ रहा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा उत्तर प्रदेश में अब अपराधी पुलिस थाने के सामने भी हत्या करने से नहीं डरते। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कांग्रेस पार्टी इस परिवार के साथ खड़ी है और हर हाल में न्याय दिलाकर रहेगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस अमानवीय कृत्य के विरोध में हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज बुलंद करेंगे। पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, विशाल वशिष्ठ, महेंद्र गुर्जर, समित विकल, ओंकार शर्मा, अरुण शर्मा, राजू यादव, वसीम अंसारी, मुस्तजाब चौधरी, फैज अहमद, नसीम खान, भगीरथ शर्मा, राहुल शर्मा उपस्थित रहे।
