मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। गुरूवार को दोपहर एसएसपी ऑफिस पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब लव मैरिज करने वाले युगल को कप्तान ऑफिस पर युवती के परिजनों ने घेर लिया। युवती के परिजन जबरन उसे अपने साथ ले जाने लगे। एसएसपी ऑफिस पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जैसे-जैसे युवक और उसकी पत्नी को युवती के परिजनों से छुड़ाकर वापस भेजा। दरअसल, देहली गेट क्षेत्र के पूर्वा अहमदनगर की रहने वाली अर्शी ब्रहस्पतिवार को अपने पति हैदर अली के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। अर्शी ने बताया कि उसने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ वर्ष 2018 में हैदर के साथ निकाह किया था। शादी को कोर्ट में रजिस्टर्ड भी कराया गया था। इसके बाद से वह हैदर के साथ ही उसके घर पर रह रही है। अर्शी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका परिवार आए-दिन हैदर को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। ब्रहस्पतिवार को हैदर और उसकी पत्नी एसएसपी ऑफिस पर सुरक्षा मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान अर्शी के परिजन भी वहां पहुंच गए।
आरोप है कि अर्शी के परिजन हैदर के साथ मारपीट करते हुए अर्शी को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। जिसके चलते कप्तान ऑफिस पर हंगामा खड़ा हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवती के परिजनों को हड़काते हुए अलग किया। इसके बाद अर्शी और उसके पति हैदर को उनके घर वापस भेज दिया।
