
मोदीपुरम (मेरठ)। एक युवती ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर चार वर्षों से शादी का वादा कर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के निर्देश पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
युवती के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले वह अपनी रिश्तेदारी के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, जहां उसकी मुलाकात जानी थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई। बातचीत बढ़ने पर दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और संपर्क में रहने लगे। इस दौरान कई बार मुलाकातें भी हुईं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि जब उसने एक माह पूर्व शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने उसकी निजी फोटो और वीडियो दिखाकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। आरोप है कि 21 दिसंबर को इसी धमकी के सहारे आरोपी ने उसे एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, घर से निकाला
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम निवासी इकरा ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उसका निकाह दानिश पुत्र इकरामुद्दीन निवासी ग्राम देहरा, धौलाना (हापुड़) से हुआ था।
शादी के बाद ससुरालजन एक लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग करने लगे। आरोप है कि छह नवंबर को पति, ससुर, सास सहित अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने थाना ब्रह्मपुरी को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
