मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। रोहटा क्षेत्र में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर ने रिटायर्ड सेल्स टैक्स ऑफिसर और उनकी पत्नी व एक रिश्तेदार पर खुद के साथ लाखों की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि 45 लाख की रकम देने के बावजूद इसकी एवज में दिया गया चेक आरोपी वापस नहीं कर रहे। उल्टा चेक के जरिए प्रॉपर्टी डीलर को झूठे मुकदमे में फंसने की धमकी दे रहे हैं। अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। एडवोकेट मोहम्मद राशिद के साथ कप्तान ऑफिस पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि एक रिटायर्ड सेल्स टैक्स ऑफिसर उनके परिचित थे। एक साल पहले रिटायर्ड सेल्स टैक्स ऑफिसर ने अपने काले धन के 35 लाख रुपए की एक जमीन प्रॉपर्टी डीलर के जरिए खरीदी थी। प्रॉपर्टी डीलर ने बताया था कि एक साल बाद इस जमीन को बेचने पर 10 लाख का मुनाफा मिलेगा। मगर, फिलहाल जमीन का कोई ग्राहक नहीं मिल रहा। उधर, रिटायर्ड सेल्स टैक्स ऑफिसर ने प्रॉपर्टी डीलर पर दबाव बनाकर उससे 45 लाख का चेक ले लिया। बाद में इस चेक को बाउंस करा प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने लगा। जिसके चलते प्रॉपर्टी डीलर ने अपने पास से 45 लाख की रकम रिटायर्ड अफसर को दे दी। आरोप है कि इसके बावजूद रिटायर्ड अधिकारी दिया गया चेक वापस नहीं कर रहा। इतना ही नहीं अफसर और उसकी पत्नी व एक रिश्तेदार प्रॉपर्टी डीलर को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही इस चेक के जरिए प्रॉपर्टी डीलर पर झूठा मुकदमा लिखाने की बात कह रहे हैं। मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
