
मेरठ। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिजली बिल राहत योजना के तहत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पविविनिलि) से जुड़े मेरठ सहित 14 जनपदों में अब तक करीब दो लाख उनतालीस हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने शेष उपभोक्ताओं से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं (दो किलोवाट तक) तथा वाणिज्यिक उपभोक्ताओं (एक किलोवाट तक) के लिए लागू है। इसमें नेवर पेड, लंबे समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं और बिजली चोरी से जुड़े मामलों में राजस्व निर्धारण पर विशेष छूट दी जा रही है। योजना का पहला चरण 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
पंजीकरण के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी उपखंड कार्यालय, विभागीय कलेक्शन सेंटर, जन-सुविधा केंद्र, विद्युत सखी या मीटर रीडर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत लेट पेमेंट सरचार्ज यानी ब्याज में 100 प्रतिशत तक की छूट और मूल बकाया राशि में 25 प्रतिशत तक की राहत दी जा रही है। वहीं, बिजली चोरी के मामलों में निर्धारित कर में भी 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है।
अब तक मेरठ प्रथम क्षेत्र में 1,712, मेरठ द्वितीय क्षेत्र में 24,399, मुजफ्फरनगर क्षेत्र में 28,973 और सहारनपुर क्षेत्र में 35,005 उपभोक्ता इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। विभाग का कहना है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण कराने पर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिल सकेगा।
