सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। श्रावण मास की आगामी 23 जुलाई महाशिवरात्रि पर्व तक चलने वाली कांवड यात्रा को लेकर जिला पंचायत ने भी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार व्यवस्थाओं की कमान स्वयं जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने संभाली है। उन्होंने न केवल योजना का नेतृत्व किया, बल्कि शुक्रवार को मोबाइल लाइट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर उन्हें कांवड़ मार्गों पर रवाना कर पूरे अभियान की शुरुआत भी की। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत द्वारा प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल लाइट वाहन, पोर्टेबल शौचालय, बैरिकेडिंग, स्वागत द्वार सजावट, और डिवाइडर पर विशेष सज्जा जैसे कार्य कराए गए हैं। खास तौर पर नौगजापीर से गागलहेड़ी तक पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए डिवाइडर को कोन से सजाया गया है, जिससे कांवड़ यात्रा का मार्ग सौंदर्यपूर्ण और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है।
आज जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर से आठ मोबाइल लाइट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की अच्छी खासी मौजूदगी रही। इन वाहनों के माध्यम से रात के समय श्रद्धालुओं को बेहतर रोशनी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, रामेन्द्र राणा, मुकेश चौहान, सुशील प्रधान, वेसर अली, जगमाल, ममता चौधरी, नरेन्द्र और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नागल बिजेन्द्र चौधरी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रवीर सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में इस बार यात्रा मार्गों पर अधिक व्यवस्थित और उपयोगी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि आठ प्रमुख मार्गों पर यह सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनकी निगरानी जिला पंचायत विभाग की टीम और स्वयं अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत का प्रयास सिर्फ बुनियादी सुविधा देना नहीं है, बल्कि यह सेवा भावना से जुड़ी एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस पूरे अभियान में अभियंता मुकेश कुमार, कर अधिकारी सतेन्द्र कुमार, अवर अभियंता आशीष कुमार, ललित कुमार और जिला पंचायत के समस्त कार्मिक सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
