मवाना संवाददाता। ब्रहस्पतिवार की शाम खेत में पानी चलाने गए किसान की लाश शुक्रवार की सुबह मवाना के जंगल में बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने पुरानी रंजिश में किसान की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जिसके बाद एसपी देहात सहित दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने जैसे-तैसे हंगामे को शांत करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र ने कुछ लोगों को नामजद करते हुए हत्या की तहरीर दी है। एसपी देहात का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक परीक्षितगढ़ के गांवड़ी गांव का रहने वाला 55 वर्षीय कुंवरपाल पुत्र फूल सिंह उर्फ टिड्डी खेती करता था। कुंवरपाल के पुत्र अनिल ने बताया कि ब्रहस्पतिवार की शाम करीब 5रू00 बजे उसका पिता खेत में पानी चलाने के लिए गया था। मगर रात भर घर वापस नहीं लौटा। उधर, शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने मवाना के ततीना गांव के जंगल में कुंवरपाल की लाश पड़ी देखी तो घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके परिवार की गांव के रहने वाले कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। अनिल ने रंजिश के चलते अपने पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। एसपी देहात राकेश मिश्र ने बताया कि शव के शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। बाग में महिला की लाश मिलने से सनसनी मेरठ। शुक्रवार की सुबह भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित आम के बाग में एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया। मगर, शिनाख्त ना होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि तीन-चार दिन पहले महिला की हत्या करके शव को बाग में फेंका गया है। दरअसल औरंग शाहपुर डिग्गी गांव के रहने वाले नीरज की गेसूपुर में मछली फार्म के पास आम के बाद में जमीन है। नीरज ने बताया कि शुक्रवार को उसकी जमीन का रखवाला मनोज खेत में पानी देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान मनोज ने आम के बाग में एक महिला का शव पड़ा देखा। जिसके बाद मनोज ने घटना की जानकारी नीरज और पुलिस कंट्रोल रूम में दी। जानकारी के बाद सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की जांच-पड़ताल की। सीओ सदर देहात के मुताबिक महिला का शव लगभग तीन-चार दिन पुराना लग रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिसके चलते पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
