सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। पवित्र श्रावण मास की शिव चतुर्दशी को आज शिव भक्त कांवड़ियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। श्रावण मास की शिव चतुर्दशी पर जलाभिषेक को लेकर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार दिखायी दिया। मंदिरों में सुबह सवेरे ही लम्बी-लम्बी लाइने लगनी शुरू हो गयी थी। महानगर की प्रमुख सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर गंगाजल, बेलपत्र चढ़ाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके अलावा श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, शंकलापुरी स्थित शंकलेश्वर महादेव मंदिर, श्री आशेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, राधा बिहार स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, पुल खुमरान स्थित रामेश्वर मंदिर, गिल कॉलोनी स्थित श्री नारायण मंदिर, आवास विकास स्थित श्री हरि मंदिर, नवीन नगर स्थित शिव मंदिर, शिव विहार स्थित शिव मंदिर, मक्खन कालोनी स्थित शिव मंदिर, खलासी लाइन स्थित गोपाल मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने आस्था व श्रद्धा के साथ जलाभिषेक किया। मंदिरों के आसपास एक ओर जहां नगर निगम द्वारा सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराया गया था, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक चौबन्द व्यवस्था की गयी थी। उधर, देर शाम तक शिव भक्त कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गन्तव्य को जाते दिखायी दिये जबकि शिव चतुर्दशी होने के बावजूद अनेक डाक कांवड़ियें हरिद्वार की ओर कूच करते हुए दिखायी दिये। इस दौरान मण्डलायुक्त अटल कुमार राय, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी सहित जनपद में तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ यात्रा मार्गाे पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे तथा डयूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को समुचित दिशा निर्देश भी दिये गये।
