ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी फार्मेसी संस्थान), ग्रेटर नोएडा के बी.फार्मे विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रम एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल का शैक्षणिक भ्रमण किया। यथार्थ अस्पताल क्षेत्र का एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा संस्थान है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अस्पताल की कार्यप्रणाली, रोगी देखभाल की प्रक्रियाओं तथा स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। द्यार्थियों ने आपातकालीन विभाग, गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू), बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), रेडियोलॉजी, प्रयोगशाला और औषधालय जैसे प्रमुख विभागों का निरीक्षण किया तथा अस्पताल में फार्मासिस्ट की भूमिका को नजदीक से समझा।
भ्रमण की एक प्रमुख विशेषता औषधि वितरण से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा, जहां विद्यार्थियों ने दवा प्रबंधन की वास्तविक प्रक्रियाओं का अनुभव प्राप्त किया । इस अनुभव ने न केवल उनके चिकित्सीय ज्ञान को बढ़ाया, बल्कि उन्हें अस्पताल एवं नैदानिक फार्मेसी के क्षेत्र में भविष्य की भूमिकाओं हेतु भी तैयार किया।
