सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। डा. अम्बेडकर स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे सरकारी प्राइमरी स्कूलों के मर्जीकरण के निर्णय के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया। धरने को सम्बोधित करते हुए यूनियन के संस्थापक रविन्द्र कुलवंशी ने कहा कि यदि सरकार ने यह तानाशाही फैसला वापस नही लिया,तो यह गरीब, मजदूर परिवारों के मासूम बच्चों के भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर देगा। बच्चों की पढाई छूट जाएगी,क्योंकि वे निजी स्कूलों की महंगी फीस वहन नहीं कर सकते। यूनियन के संरक्षक दीपक जाटव ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह बंद किये गये सरकारी प्राइमरी स्कूलों को तत्काल पुनः बहाल करे अन्यथा, हम अभिभावकों के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। संघ के सचिव अमन कुमार ने छात्र-छात्राओं से आहवान किया कि वे एकजुट होकर शिक्षा बचाने की लडाई में शामिल हों। धरने को संबोधित करते हुए छात्र नेता बृजेश गौतम ने मां शांकुभरी देवी विश्वविद्यालय में अनियंत्रित रूप से बढाई जा रही फीस पर भी सवाल उठाये और कहा कि यह गरीब छात्रों के साथ अन्याय है। यूनियन जल्द ही इस मुददे को लेकर न्यायालय का रूख करेगी। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक और उग्र रूप लेगा। धरने पर संस्थापक रविन्द्र कुलवंशी, डा.अमन, प्रणव कुमार, दीपक जाटव, करम सिंह जाटव, ब्रजेश गौतम, छात्र नेता लोकेश भार्गव, पिंकू प्रधान, जोनी कुमार, अविश गौतम, सत्यवीर, अर्जुन सिंह, पीयूष गौतम, संजय माल्या आदि रहे। अंजनी, छात्र नेता अंजना, सुमन, सरोज, रीना, मुनेश आदि मौजूद रहे।
