
मेरठ। दिल्ली रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो को देर रात सामान लदे ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो को गंभीर नुकसान पहुंचा, जबकि टक्कर के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शकूरनगर निवासी महताब मूसा ने बताया कि वह वीनस गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो एन को वीनस गार्डन के सामने, सड़क की दूसरी ओर नेक्सा शोरूम के पास खड़ा किया था। रात में अचानक एक तेज रफ्तार ट्राला आया और खड़ी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मारकर निकल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। बाद में क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्राले का नंबर जुटाया गया। पीड़ित की तहरीर पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
