मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। बाबा औघडनाथ मंदिर में क्रान्ति दिवस के अवसर पर प्रथम स्वतन्त्रता संग्राम 1857 के उद्गम स्थल पर जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने अमरशहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, मेयर हरीकांत अहलूवालिया, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, एमएलसी धमेन्द्र भारद्वाज, पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, डॉ. हिमानी अग्रवाल मीनाक्षी भराला ,राजपाल चौधरी, देवन्द्र नारायण सिंह, अभिषेक डबास, सुनील जैन, विपुल सिंघल, अवनीश काजला, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष सुभाष प्रधान, सपा जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी सहित गणमान्ण लोगों ने अमर शहीदों को नमन किया। मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। शनिवार को धूमधाम से क्रांति दिवस मनाया जा रहा है। सुबह से जिले में तमाम आयोजन चल रहे हैं। जिला प्रशान की ओर से सुबह गांधी आश्रम से प्रभात फेरी निकाली गई। डीएम वीके सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अफसरों ने प्रभात फेरी में भाग लिया। सीसीएसयू में कुलपति डॉ. संगीता शुक्ला सहित स्टाफ ने धनसिंह कोतवाल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। जिला प्रशासन के सहयोग से आज क्रांति दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली गई जो गांधी आश्रम गढ रोड से प्रारंभ होकर इंदिरा चौक बुढाना गेट होते हुये शहीद स्मारक पर संपन्न हुई। शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया । जिलाधिकारी द्वारा संग्रहालय में 1857 की क्रांति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान ना दें। जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन या अन्य सक्षम प्राधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन अवश्य करें व इस संबंध में लोगों को जागरूक करें।शहीद स्मारक पर छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। धनसिंह कोतवाल को मिले भारत रत्न: इस अवसर पर छात्र नेता विनीत चपराना ने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग करते हुए कहा कि अमर शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर के राष्ट्र के प्रति अद्वितीय योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर के बलिदान का उचित प्रतिदान होगा, बल्कि युवा पीढ़ी को भी देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देगा। यूनिवर्सिटी में किया गया जलाभिषेक: सीसीएसयू में कोतवाल धन सिंह गुर्जर जी की प्रतिमा को महाकुंभ के पवित्र गंगा जल से जलाभिषेक कराया गया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के सामुदायिक केंद्र पर स्थापित अमर शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर की प्रतिमा पर आज क्रांति दिवस के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने स्वयं उपस्थित होकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर छात्र नेता विनीत चपराना, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी शामिल हुए।
