सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। प्रमुख शिक्षण संस्था गोचर कृषि इंटर कॉलेज की प्रबंध कार्यकारिणी के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में कड़े सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच लगभग 66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटियों में कैद कर दिया। चुनाव में अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के पूर्व अध्यक्ष व जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन चौ.भूपेन्द्र सिंह गुट व निवर्तमान प्रबंधक चौ.जोगेन्द्र सिंह गुट के मध्य कड़ा मुकाबला दिखायी दिया। गौरतलब है कि कस्बा रामपुर मनिहारान में प्रख्यात शिक्षाविद् चौ.मुल्तान सिंह वर्मा ने एक नवंबर 1943 को गोचर कृषि इंटर कॉलेज की नींव रखी थी। आज चुनाव अधिकारी व सरस्वती इंटर कॉलेज तीतरो के पूर्व प्रधानाचार्य पदम सिंह की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव में कुल 4063 मतदाताओं में से 3034 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखायी दिया। सहारनपुर व आसपास के जिलो के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली से भी मतदाताओं ने कालेज में बनाये गये मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव में चौ.भूपेन्द्र सिंह गुट की ओर से अध्यक्ष पद पर ऋषिपाल सिंह, उपाध्यक्ष पद पर राजेश्वर सिंह पंहासू, प्रबंधक पद पर अमित चौधरी, उपप्रबंधक पद पर ओमप्रकाश सिंह आर्य नल्हेड़ा गुर्जर, कोषाध्यक्ष पद पर मदन सिंह घसौती के अलावा सदस्य पद पर डॉ.ब्रहम सिंह जन्धेडा, जगदीश सिंह सलेमपुर, सुखबीर सिंह उमरी, भंवर सिंह देहरी, अमित नवादा भजडू, अनिल कुमार भाकला व बिरम सिंह आर्य नौरंगपुर प्रत्याशी रहे, जबकि पूर्व विधायक मनोज चौधरी व चौ.जोगेन्द्र सिंह गुट की ओर से अध्यक्ष पद पर चौ.करण सिंह घाटेडा, उपाध्यक्ष पद पर चौ.साधूराम प्रधान, प्रबंधक पद पर चौ.घनश्याम सिंह, उपप्रबंधक पद पर महेश पाल चौधरी, कोषाध्यक्ष पद पर राजेश चौधरी व सदस्य पद पर जितेनद्र चौधरी, तेजपाल सिंह, नितेश कुमार, महीपाल सिंह, बलेन्द्र चौधरी, रविन्द्र कुमार, विनोद कुमार प्रत्याशी रहे।
मतदान के दौरान भारी तादाद में सुरक्षा बल तैनात रहा। समाचार लिखे जाने तक मतगणना जारी रही।
