मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। आईआईएमटी विश्वविद्यालय गंगानगर में चल रहे थल सैनिक कैंप में थल सैनिक कैंप में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। मीडिया प्रभारी विजयपाल सांवरिया ने बताया कि थल सैनिक कैंप में उत्तरप्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुप मुख्यालयो के 297 कैडेट्स ने भाग लिया। जिनको सैन्य अधिकारियों की निगरानी में प्रशिक्षित किया गया। पिछले आठ दिनों से कैडेट्स लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पसीना बहा रहे थे।
इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मेरठ के ब्रिगेडियर नवीन राठी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इन आठ दिनों में कैडेट्स के बीच इंटर ग्रुप की अनेक प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया । जिसमें ऑब्स्टिकल में मेरठ ग्रुप प्रथम, बरेली द्वितीय और अलीगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। हेल्थ और हाइजिन में बरेली प्रथम, लखनऊ द्वितीय और प्रयागराज ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैप रीडिंग में मेरठ प्रथम, लखनऊ द्वितीय और बरेली ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में गाजियाबाद प्रथम, बरेली द्वितीय और मेरठ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लाइन एरिया में प्रयागराज प्रथम, लखनऊ द्वितीय और मेरठ ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। जेडी और एफएस में बरेली ग्रुप ने प्रथम, आगरा ने द्वितीय और गाजियाबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओवर ऑल बरेली ग्रुप ने प्रथम, आगरा ग्रुप ने द्वितीय और मेरठ ग्रुप तृतीय स्थान पर रहकर अपना लोहा मनवाया। इस कैंप में चुने गए कैडेट्स अब प्री थल सैनिक कैंप का हिस्सा बनेंगे। कैंप कमांडेंट कर्नल अभिषेक पवार ने ब्रिगेडियर नवीन राठी को कैंप में हुई विभिन्न गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया। ब्रिगेडियर नवीन राठी ने समस्त कैडेट्स को संबोधित किया और बधाई दी। प्री थल सैनिक कैंप में और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैंप में आज नायब सूबेदार मोम बहादुर थापा के निर्देशन में सेक्शन बैटल ड्रिल का आयोजन किया गया। यह एक सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास है जिसमें एक सेक्शन को एक साथ मिलकर दुश्मन का मुकाबला करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना कि सेक्शन के सदस्य प्रभावी ढंग से सहयोग कर सके, एक दूसरे की रक्षा कर सके और दुश्मन को हरा सके। साथ ही आर्मी भर्ती कार्यालय मेरठ के सूबेदार मेजर हरदयाल सिंह ने सेना में भर्ती होने के तरीके पर व्याख्यान दिया। अग्निवीर, जेसीओ और सेना में कमीशंड ऑफिसर बनने की संपूर्ण जानकारी से कैडेट्स को अवगत कराया। कैंप में सूबेदार मेजर भीमसिंह, सूबेदार सुधीर कुमार, संदीप पूनिया,उमेश कुमार, संदीप कुमार, शालिनी गोयल, जितेंद्र कुशवाहा, अनुज चौधरी,सर्वेश सिवाच,उपेन्द्र राय, अनीश अहमद उपस्थित रहे।
