
मेरठ। ऑनलाइन भुगतान के नाम पर व्यापारियों से ठगी करने का एक मामला लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाकिर कॉलोनी में सामने आया है। यहां एक युवक नकली UPI पेमेंट दिखाकर लगातार दुकानदारों से सामान ले रहा था। शक होने पर दुकानदार ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद पूरी साजिश उजागर हो गई।
जानकारी के अनुसार, जाकिर कॉलोनी निवासी सुहैल की कन्फेक्शनरी की दुकान है। बीते करीब एक सप्ताह से एक युवक उसकी दुकान पर आकर सामान खरीदता और ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद मोबाइल पर भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर चला जाता था। स्क्रीनशॉट देखने पर दुकानदार को पेमेंट मिलने का भरोसा हो जाता था।
लगातार ऐसा होने पर सुहैल को संदेह हुआ। जब उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि युवक द्वारा दिखाए गए किसी भी भुगतान की राशि खाते में जमा नहीं हुई है। इस तरह आरोपी अब तक करीब 13 हजार रुपये की ठगी कर चुका था।
शनिवार शाम युवक एक बार फिर दुकान पर सामान लेने पहुंचा और पहले की तरह भुगतान का फोटो दिखाया। इस बार दुकानदार ने उसे फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह एक प्रैंक ऐप के जरिए यह धोखाधड़ी कर रहा था। उसने बताया कि गूगल क्रोम के माध्यम से एक फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड की थी, जिससे पेमेंट होने का मैसेज और फोटो तो दिखाई देता था, लेकिन वास्तव में खाते से कोई रकम ट्रांसफर नहीं होती थी।
सूचना मिलने पर लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी साजिद, निवासी अहमदी मस्जिद, को हिरासत में लेकर थाने ले गई। दुकानदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
