
UP SIR: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को भाजपा पूरी गंभीरता से लागू कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित एसआईआर समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।
इस बैठक में मेरठ मंडल के क्षेत्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी राज्य के कई जिलों में एसआईआर की समीक्षा बैठकें कर चुके हैं। इन बैठकों में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे बूथ स्तर तक जाकर शत-प्रतिशत मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने का काम सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए अपात्र या मृत व्यक्तियों के नाम किसी भी स्थिति में सूची में शामिल नहीं रहने चाहिए। ऐसे नामों को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा है कि विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों के व्यस्त मौसम के बावजूद पार्टी पदाधिकारियों को अपनी प्राथमिकताएं तय करनी होंगी। यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे हर बूथ पर ठोस परिणामों के साथ साबित करना होगा। माना जा रहा है कि इसी तरह के निर्देश मुख्यमंत्री गाजियाबाद की समीक्षा बैठक में भी पार्टी पदाधिकारियों को दे सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसआईआर में गाजियाबाद की स्थिति फिलहाल संतोषजनक नहीं है। जिले का साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र विशेष रूप से इस प्रक्रिया में पिछड़ा हुआ बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर एक बजे समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक के दोपहर दो बजे तक चलने की संभावना है।
