
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। भारतीय परंपरा में महिलाओं के लिए किसी दिवस को मनाने की कोई आवश्यकता ही नहीं होती। महिलाओं का सम्मान हमारी सनातन संस्कृति का हिस्सा है। विश्व महिला दिवस पर आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और समाजिक कार्यकर्ता डॉ. मृणालिनी सिंह ने कहा की शिक्षा की देवी मां शारदा को माना जाता है। धन के लिए लक्ष्मी और शक्ति के लिए दुर्गा मां की पूजा की जाती है। सारी शक्तियों के केंद्र में महिलाओं के प्रतीक को रखा गया है। उन्हीं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ा जाता है। विश्व महिला दिवस के अवसर पर आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज में शक्ति सृजन क्लब की ओर से पोस्टर, लेखन, कहानी और वेस्ट मैटीरियल टु वंडर जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य सभागार में आयोजित समारोह में स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बेहद प्रभावी तरीके से महिलाओं की समाज में भूमिका का मार्मिक चित्रण किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए आरजे आदेश और आरजे साहिबा ने विद्यार्थियों को महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने पर बल दिया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हीयर द साइलेंस फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर नेहा वत्स ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने उद्यमिता और नवाचार के लिए नए-नए आइडिया पर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। इंडियन ओवरसीज बैंक की प्रबंधक सीमा शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंकिंग की ट्रेनिंग और फाइनेंस की जानकारियां देते हुए इन सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने समाज में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा की घर की सभी महिलाओं के नहीं दिखने वाले श्रम को पहचानने की आवश्यकता है। प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर आलेख लेखन प्रतियोगिता में रमन प्रीत पहले और विशाखा दूसरे स्थान पर रही वहीं वेस्ट टू वंडर प्रतियोगिता में दीपांश पहले और शिवानी दूसरे स्थान पर रही। स्टोरी टेलिंग में निव्या त्यागी पहले, श्रेया शर्मा दूसरे और वैभव त्रिपाठी तीसरे स्थान पर रहे। शक्ति सृजन कन्वीनर वंदना अग्रवाल ने शक्ति सृजन के कार्यों का ब्यौरा दिया। महिला सेल की कन्वीनर डॉ. सुगंधा क्षोत्रिय और इवेंट कोऑर्डिनेटर आरजू मलिक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। शिक्षक सहदेव सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को नशे और दहेज के खिलाफ शपथ दिलवाई। कार्यक्रम में आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष, छात्र व मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा मौजूद रहे।