
नई दिल्ली एजेंसी। आप सांसद संजय सिंह और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज मीडिया के साथ दिल्ली सीएम हाउस पर पहुंचे। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज बुधवार सुबह सीएम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अंदर जाने से रोका गया। वे कुछ देर के लिए धरने पर बैठे, फिर पीएम आवास की ओर रवाना हो गए। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शीशमहल बनाने का आरोप लगा रही है। हम इन आरोपों की सच्चाई बताना चाहते हैं, इसलिए यहां पहुंचे हैं। हम जब यहां आए तो भाजपा वाले दिखाई नहीं दे रहे। दिल्ली पुलिस हमें अंदर जाने से रोक रही है। पीएम आवास की ओर रवाना होने से पहले सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा कह रही है कि सीएम हाउस में सोने का टॉयलेट लगाया गया है। हम सोने का टॉयलेट ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। हम पीएम आवास जा रहे हैं। संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने सीएम हाउस के सामने धरना दिया। दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया था। हालांकि, पार्टी अब उम्मीदवार बदलने का विचार कर रही है। एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बिधूड़ी के आपत्तिजनक बयानों से नाखुश हैं। दरअसल, बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी और आतिशी पर चुनावी रैली के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इसे लेकर कांग्रेस और आप ने आलोचना की थी। आज आ सकती है दिल्ली भाजपा की दूसरी लिस्ट, 30 उम्मीदवारों का ऐलान संभव: दिल्ली भाजपा की आज दूसरी लिस्ट आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 30 उम्मीदवारों का ऐलान किया जा सकता है। पार्टी लोकसभा सांसद मीनाक्षी लेखी को भी उम्मीदवार बना सकती है। वहीं, नूपुर शर्मा को भी कैंडिडेट बनाया जा सकता है।