
लखनऊ एजेंसी। यूपी में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड से हो रही है। मंगलवार को पूरे दिन सूरज नहीं निकला। 50 जिलों के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। बुधवार सुबह से गलन बढ़ गई है। 20 किलोमीटर की स्पीड की हवाएं चल रही हैं। 47 जिलों में शीतलहर तो 40 जिलों में घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी 100 मीटर रह गई है। मंगलवार को बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का पारा 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सर्द हवाएं चलने से आज तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। अगले 4 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। 6 जनवरी से फिर बारिश के आसार बन रहे हैं। मंगलवार को आगरा का पारा 8.9 डिग्री, कानपुर का 8.8 डिग्री, इटावा-लखनऊ का 7 डिग्री तक गिरा। प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया।