मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। भारत रत्न एवं स्वतंत्रता सेनानी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जयंती के उपलक्ष्य में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में चल रहे वार्षिकोत्सव के तहत साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद द्वारा ऑनलाइन मोड में ‘‘भारत को जानो प्रतियोगिता’’ का आयोजन किया गया। जिसमें 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रोफेसर के.के.शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता हमारे देश की महान धरोहर, इतिहास, और संस्कृति को जानने और समझने का एक अद्भुत अवसर प्रदान करती है। भारत, जिसे विविधताओं में एकता का प्रतीक माना जाता है, अपने प्राचीन इतिहास, समृद्ध परंपराओं, और गौरवशाली संस्कृति के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। भारत को जानो प्रतियोगिता एक महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल हमारी युवा पीढ़ी को जागरूक करती है, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और इतिहास पर गर्व करना भी सिखाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी भारत के विभिन्न पहलुओं, जैसे हमारे स्वतंत्रता संग्राम, प्राचीन ग्रंथों और सभ्यताओं, कला, संगीत, और नृत्य, आधुनिक भारत की उपलब्धियों, और देश की विविधता से परिचित होते हैं।
