
नई दिल्ली एजेंसी। संसद परिसर में गुरुवार सुबह धक्का-मुक्की के दौरान ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। सारंगी ने आरोप लगाया कि राहुल ने एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिरा। सारंगी जब मीडिया के सामने आए, उनके सिर से खून निकल रहा था। सारंगी के अलावा फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को भी चोट आई है। दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। राहुल से जब धक्का-मुक्की पर सवाल हुआ तो उन्होंने उल्टा भाजपा सांसदों पर आरोप लगाया। राहुल ने कहा- भाजपा सांसदों उन्हें संसद में एंट्री करने से रोका, धमकाया और धक्का-मुक्की की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा कि मेरे और प्रियंका के साथ धक्का-मुक्की की गई। खड़गे ने कहा- धक्का लगने से वे जमीन पर बैठ गए, उनके घुटने में भी चोट आई है। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- राहुल नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें पहलवानी दिखाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कराटे क्या दूसरों को मारने के लिए सीखा है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी पीएम मोदी को दी गई, जिसके बाद उन्होंने दोनों सांसदों ने फोन पर बात की और उनका हाल-चाल जाना।
भाजपा सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से शिकायत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा राहुल के खिलाफ रिपोर्ट करवाने की तैयारी में है। संसद में गुरुवार सुबह इंडिया ब्लॉक और भाजपा सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। इंडिया ब्लॉक अंबेडकर पर शाह के बयान की निंदा और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था। भाजपा सांसद भी अंबेडकर पर कांग्रेस की बयानबाजी का विरोध कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना के बाद ही धक्का-मुक्की शुरू हुई। प्रताप चंद्र सारंगी ने राहुल पर आरोप लगाया: भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद प्रताप चंद्र सारंगी मीडिया के सामने आए। उनके सिर पर रूमाल रखा था और खून निकल रहा था। इसके बाद सारंगी ने राहुल पर धक्का देने का आरोप लगाया। मीडिया ने राहुल से सवाल पूछा कि विपक्षी सांसद धक्का-मुक्की का आरोप लगा रहे हैं तो उन्होंने कहा, नहीं-नहीं। आपके कैमरा में होगा। ये पार्लियामेंट का एंट्रेंस है और मैं अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। भाजपा के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे, मुझे धकेल रहे थे, मुझे धमका रहे थे। ये हुआ है। धक्का-मुक्की से कुछ होता नहीं है। संसद में जाना हमारा अधिकार है। भाजपा के मेंबर्स हमें अंदर जाने से रोक रहे थे। चोटिल प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत राम मनोहर लोहिया में भर्ती हैं। मुकेश राजपूत को आईसीयू में रखा गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। भाजपा सांसद प्रल्हाद पटेल, पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह दोनों से मुलाकात करने पहुंचे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ष्प्रताप चंद्र सारंगी को देखकर मन पीड़ा से भर गया है।
संसद के इतिहास का ये काला दिन है। मर्यादाओं की धज्जियां उड़ा दी गईं। राहुल गांधी और कांग्रेस ने जो गुंडागर्दी की है उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।