
नई दिल्ली एजेंसी। देश के कई हिस्सों में सामान्य ठंड के बीच जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया। सोमवार को जोजिला (कारगिल) में टेम्परेचर -20डिग्री, लेह में -12.8 डिग्री और गुलमर्ग में -9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम का पारा -6.8 डिग्री पुलवामा -6.7 डिग्रीशोपियां -7.5डिग्री श्रीनगर -3.3डिग्री सोनमर्ग और अनंतनाग में -7.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जम्मू में पैडर में -7.5 डिग्रीके साथ सबसे ठंडा रहा। हालांकि, जम्मू शहर का तापमान 6.5 डिग्री रहा। यह हाल तब है, जब चिल्लई कलां का पीरियड अभी शुरू भी नहीं हुआ है। इसकी शुरुआत 21 दिसंबर से होगी।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में रविवार शाम हल्की बर्फबारी हुई। दिसंबर का पहला हफ्ता बीतने के बाद भी हिमाचल के पहाड़ों से बर्फ नदारद थी। होटल संचालक यहां आए पर्यटकों के लिए आर्टिफिशियल बर्फबारी करा रहे थे।
मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली के तापमान में भी 10 दिसंबर से गिरावट आ सकती है। पारा गिरकर 3 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। शीतलहर भी चल सकती है। 14 दिसंबर तक दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ने का अनुमान है।