
सीसीएसयू के ललित कला विभाग में विश्व वन्य जीव-जंतु दिवस के अवसर पर वन्य जीव जंतु संरक्षण जागरुकता अभियान का आयोजन किया। जिसमें विद्यार्थियों ने वन्य जीव जंतु पर प्रेरक और सुंदर सजीव चित्र बनाकर लोगों को उनकी सुरक्षा और देखरेख के प्रति जागरुक किया। कार्यक्रम संयोजिका प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि पर्यावरणीय चक्र को संतुलित रखने तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वन्य जीव जंतुओं का होना बहुत आवश्यक है। जीवन की सुरक्षा के लिए वन्य जीव जंतु, पशु पक्षी अत्यंत आवश्यक हैं। मानव जीवन की बहुत सी आवश्यकताएं जीव जंतु पर ही निर्भर करती हैं। वन्य जीव जंतु और मानव दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। जीव जंतु जहां हमारी आवश्यकता को पूरी करते हैं वही हमारा उत्तरदायित्व बनता है कि हमें भी उनकी देखरेख उनकी सुरक्षा का ख्याल रखना चाहिए। भारतीय संस्कृति की परंपरा और धर्म में भी वन्य जीव जंतु को बराबरी का दर्जा दिया गया है। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. शालिनी धामा, डॉ. रीता सिंह, डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ का विशेष योगदान रहा। अतिथि प्रवक्ता संजय कुमार, आकाश कुमार, खालिद, विष्णु तथा प्रियंका सैनी मौजूद रहीं। रिद्धिमा के पक्षियों के चित्र तथा राहुल के जंगल में हिरणों का विचरण करते चित्र को भरपूर सराहना मिली। शुभम के वन्य जीव जंतुओं को एक साथ विचरण करते हुए चित्र को सभी द्वारा पसंद किया गया। छात्रों ने हाथी घोड़ा, हिरन, कौवा, खरगोश, गौरैया तथा जिराफ के बहुत ही सुंदर चित्र बनाए।