गुरुग्राम निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी को मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में एक सेल्स मैनेजर के साथ पकड़ लिया। शादी के महज तीन महीने बाद सामने आए इस मामले में पति ने पत्नी की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि महिला ने बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से होटल गई थी।
HIGHLIGHTS
- शादी के तीन महीने बाद पति को पत्नी पर हुआ शक
- मोबाइल की लाइव लोकेशन ट्रैक कर होटल तक पहुंचा पति
- आबूलेन स्थित होटल में पत्नी और युवक एक कमरे में मिले
- आरोपी ने महिला की आईडी फर्जी नाम से होटल में दर्ज कराई
- महिला ने खुद को बालिग बताते हुए स्वेच्छा से जाने की बात कही
- पति की शिकायत पर आरोपी युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया
हीरा टाइम्स संवाददाता, मेरठ। गुरुग्राम निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी को मेरठ के एक होटल में एक अन्य युवक के साथ पकड़ लिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तीन महीने पहले मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी एक महिला से शादी हुई थी, जो एक इंश्योरेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की छह साल पुरानी दोस्ती दिल्ली रोड स्थित एक निजी बैंक में सेल्स मैनेजर के रूप में कार्यरत तोपचीवाड़ा निवासी युवक से थी।
बताया गया कि महिला अक्सर उक्त युवक से फोन पर बातचीत करती थी। बुधवार को पति को शक होने पर उसने पत्नी के मोबाइल की लाइव लोकेशन अपने फोन में ट्रैक कर ली। शाम करीब पांच बजे पत्नी की लोकेशन उसके दफ्तर के बजाय आबूलेन स्थित एक होटल की मिली। इसके बाद पति तुरंत होटल पहुंच गया।
होटल में रिकॉर्ड जांच करने पर पत्नी के नाम से कोई आईडी दर्ज नहीं मिली। पति ने जब पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो एक कमरे से फोन की घंटी बजने की आवाज आई। दरवाजा खुलवाने पर कमरे के अंदर पत्नी और वही युवक मौजूद मिले।
होटल कर्मचारियों से दोबारा रिकॉर्ड चेक कराने पर पता चला कि युवक ने महिला की पहचान किसी अन्य नाम से दर्ज कराई थी। इस पर होटल में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई।
सीओ नविना शुक्ला के अनुसार, महिला ने लिखित बयान में बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से होटल गई थी। वहीं, पति की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
