
मुजफ्फरनगर। पेट और सीने में लगातार दर्द से परेशान एक युवक के मामले ने चिकित्सकों को भी चौंका दिया। एक्स-रे जांच में युवक के पेट में तीन सुई दिखाई देने के बाद परिजन और डॉक्टर हैरान रह गए। हालत गंभीर होने पर युवक को जिला चिकित्सालय से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव घुमावटी निवासी 36 वर्षीय राजू कुमार पुत्र स्वर्गीय सीताराम पिछले करीब एक माह से पेट दर्द की शिकायत से जूझ रहा था। परिजनों के अनुसार, शुरुआत में उसे स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया गया और दवाएं दी गईं, लेकिन आराम नहीं मिला। दर्द बढ़ने पर परिजन उसे ऋषिकेश स्थित एम्स लेकर पहुंचे, जहां बेड उपलब्ध न होने के कारण वापस लौटना पड़ा।
चार दिन पहले राजू को जिला चिकित्सालय में दिखाया गया, जहां उसे दवा देकर घर भेज दिया गया। गुरुवार को जब दर्द और बढ़ा तो परिजनों ने निजी तौर पर उसका एक्स-रे कराया। शुक्रवार को सीने और पेट में असहनीय दर्द होने पर एक्स-रे रिपोर्ट चिकित्सकों को दिखाई गई, जिसमें पेट के अंदर सुई होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे तत्काल मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
108 एंबुलेंस की मदद से युवक को मेरठ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि राजू मानसिक रूप से कमजोर है और उसे यह जानकारी नहीं है कि उसने सुई कब और कैसे निगली। चिकित्सकों के अनुसार, स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ सकती है। फिलहाल युवक की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
