
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव की नियमित उपासना और शिवलिंग का अभिषेक करने से जीवन में आने वाले कष्ट दूर होते हैं और परिवार पर महादेव की विशेष कृपा बनी रहती है। हालांकि, घर में शिवलिंग की स्थापना करते समय वास्तु शास्त्र के नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक माना गया है। सही विधि और दिशा में शिवलिंग स्थापित करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मान्यता है कि नए वर्ष के दिन घर में शिवलिंग की स्थापना कर विधिवत अभिषेक करने से स्वास्थ्य में सुधार, धन-समृद्धि में वृद्धि और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। ऐसे में वास्तु शास्त्र के अनुसार शिवलिंग की सही दिशा और कुछ आवश्यक नियमों को जानना जरूरी है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में शिवलिंग स्थापित करने के लिए उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा को सबसे शुभ माना गया है। यह दिशा देवताओं से संबंधित मानी जाती है। इस दिशा में शिवलिंग विराजमान करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान शिव की कृपा से रुके हुए कार्य पूर्ण होते हैं। ध्यान रहे कि शिवलिंग की जलाधारी का मुख उत्तर या पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए।
वास्तु नियमों के अनुसार, घर में एक से अधिक शिवलिंग स्थापित नहीं करने चाहिए। माना जाता है कि एक से ज्यादा शिवलिंग रखने से ऊर्जा संतुलन बिगड़ सकता है। इसलिए गृहस्थ जीवन में केवल एक ही शिवलिंग स्थापित करने की सलाह दी जाती है।
शिवलिंग की पूजा और अभिषेक के दौरान कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना भी आवश्यक है। शिवलिंग को कभी भी गंदे हाथों से स्पर्श न करें। अभिषेक के लिए चांदी, पीतल या मिट्टी के पात्र का उपयोग करें और इस दौरान भगवान शिव के मंत्रों का जप अवश्य करें। पूजा करते समय काले वस्त्र धारण करने से बचें और मन में किसी के प्रति नकारात्मक विचार न रखें।
वास्तु शास्त्र में देवी-देवताओं की प्रतिमा या शिवलिंग की स्थापना के लिए दिशा का विशेष महत्व बताया गया है। सही दिशा में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करने से साधक को शुभ फल की प्राप्ति होती है और घर का वातावरण सकारात्मक बना रहता है। शिवलिंग की स्थापना से पहले किसी विद्वान ज्योतिष या वास्तु विशेषज्ञ की सलाह लेना भी लाभकारी माना जाता है।
