सहारनपुर। राज्य स्तरीय सब-जूनियर कुराश प्रतियोगिता में गाजियाबाद व सहारनपुर टीम के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन अधिवक्ता पुण्य गर्ग, दि इंडियन कुराश एसोसिएशन के महासचिव विक्रांत कुमार तथा उत्तर प्रदेश कुराश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। महासचिव विक्रांत कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया और प्रतिभागियों ने दमदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ी आगामी 10 से 12 सितम्बर को रायपुर, छत्तीसगढ़ में होने वाली सब-जूनियर राष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे और प्रदेश को पदक दिलाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर टूर्नामेंट डायरेक्टर किरण, तकनीकी चेयरमैन मंजू नैयाल, वाइस चेयरमैन मोहित शर्मा, निर्णायक मंडल से अंतरिक्ष, निकिता जैन, शगुन, अक्षत, पर्व, विवेक, विकास, अंशुल, कुलभूषण सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व अधिकारी उपस्थित रहे।
