मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. हिमानी अग्रवाल ने सरधना तहसील में महिलाओं से सम्बधित मामलों की जनसुनवाई की। जनसुनवाई में ओमवती निवासी अटेरना ने बताया कि गांव के लोगों ने उनके खिलाफ गलत तरह से मुकदमा दर्ज कराया गया है, आरोप लगाया कि पुलिस उनकी कोई मदद नही कर रही है। सबीहा खान निवासी ऐरा गार्डन ने बताया उसका उसके पति से परिवार परामर्श केन्द्र पुलिस लाईन में समझौता हो गया था लेकिन अब पति समझौते से मुकर गया हैं। सदस्या डॉ. हिमानी अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सभी मामलों में कार्यवाही कराई जायेगी। जनसुनवाई के दौरान डॉ. हिमानी अग्रवाल ने महिलाओं से कहा कि वे अपनी समस्या बिना डरे खुलकर बताये। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग कदम से कदम मिलाकर आपके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार के द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाना ही मेरा मुख्य उददेश्य है। इस अवसर पर उप-जिलाधिकारी सरधना उदित नारायण सेंगर, तहसीलदार, एसआई सीमा कुमारी, एसआई रीता राणा, पूजा रानी वर्मा, शिवम कुमार आदि मौजूद रहे।
