मेरठ संवाददाता। ग्रामीण इलाकों में आतंक का पर्याय बने ड्रोन देर रात परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में एक किशोर की मौत का कारण बन गए। गांव में ड्रोन देखे जाने की सूचना पर पहरेदारी कर रहे दो युवाओं में किसी बात को लेकर देर रात विवाद हो गया। जिसके बाद एक युवक ने किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मृतक किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के पूठी गांव में देर रात ग्रामीणों ने ड्रोन उड़ता देखा। जिसके बाद गांव के ही रहने वाले युवक गांव की गलियों में घूम कर ड्रोन की निगरानी कर रहे थे। बताया जाता है इसी दौरान 17 वर्षीय रोहित पुत्र जितेंद्र की गांव के रहने वाले मयंक पुत्र विनोद से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद मयंक ने रोहित के सीने में गोली दाग दी। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। रोहित की हत्या की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जाता है कि रोहित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मृतक की दो बड़ी बहनें हैं। जिनमें तनु की शादी हो चुकी है। जबकि सोलानी अभी अविवाहित है। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि मृतक की मां बबीता द्वारा दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मयंक को गिरफ्तार कर लिया है।
