मेरठ संवाददाता। नौचंदी थाना पुलिस पर युवक के हत्यारोपी ड्रग माफिया को सेटिंग करके थाने से छोड़ देने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से शिकायत की है। जिस पर एसएसपी ने मामले में जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के रहने वाले जावेद ने बताया कि उसके चाचा का बेटा नदीम ई-रिक्शा चलाता था। जावेद के मुताबिक 11 जुलाई की रात नदीम घर वापस नहीं लौटा। 12 जुलाई को परिवार के लोगों को पता चला कि नदीम का कार से एक्सीडेंट हो गया है और वह मेडिकल में भर्ती है। इसके बाद परिवार के लोग मेडिकल पहुंचे तो पता चला कि भूमिया पुल राधना वाली गली निवासी ड्रग माफिया अब्दुल्ला खीरी और उसके साथियों ने रात को नदीम को मेडिकल में भर्ती कराया था। जावेद ने बताया कि उसके भाई नदीम के शरीर पर चोटों के निशान थे और वह बेहोश था। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती नदीम की बीती 17 जुलाई को मौत हो गई। इसी बीच परिवार के लोगों ने जांच-पड़ताल की तो सामने आया कि ड्रग माफिया अब्दुला खीरी ने अपने साथी बिलाल व कुछ अन्य लोगों के साथ 11 जुलाई की रात नौचंदी ग्राउंड में नदीम की बेरहमी से पिटाई की थी। इसके बाद उसे खुद ही अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि एसएसपी के आदेश पर नौचंदी पुलिस ने आरोपी अब्दुल्ला और उसके साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद अब्दुल्ला को गिरफ्तार करके थाने लाया गया, लेकिन, अगले दिन ही उसे थाने से छोड़ दिया गया। पीड़ितों ने थाना पुलिस पर आरोपी से सेटिंग का आरोप लगाते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जिस पर एसएसपी ने जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
