सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। पवित्र श्रावण माह के दूसरे सोमवार को आज महानगर के विभिन्न शिवालयों मंें श्रद्धा व आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक कर देश में सुख स्मृद्धि की कामना की। श्रावण माह के दूसरे सोमवार पर आज सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। नगर के प्रमुख मंदिर श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमराने लगी थी। व्यवस्था बनाए जाने के लिए श्रद्धालुओं कतारबद्ध किया गया, ताकि कोई भी श्रद्धालु परेशान ना हो। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति द्वारा बेलपत्र के साथ फल फूल आदि की व्यवस्था भी की गई थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और विश्वास के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इसके अलावा चकरौता रोड स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, शकलापुरी स्थित श्री शिव मंदिर, रानी बाजार स्थित श्री पातालेश्वर मंदिर, नवीन नगर स्थित श्री शिव मंदिर, आवास विकास स्थित श्री हरि मंदिर, गिल कॉलोनी स्थित श्री नारायण पुरी मंदिर, हकीकत नगर स्थित श्री राधा .ष्ण मंदिर, रेलवे कॉलोनी स्थित श्री गौरी मंदिर, खलासी लाईन स्थित श्री गोपाल मंदिर सहित नगर भर के समस्त शिव मंदिरों में आज श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल फूल, पंचामृत से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उधर, श्रावण माह में मंदिरों में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा खड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे, ताकि किसी भी श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिरों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था भी की गई थी और मंदिरों के बाहर नगर निगम द्वारा रंगोली भी बनाई गई थी जबकि डाक कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने के लिए बाईकों व आदि संसाधनों से हरिद्वार की ओर कूच करते नजर आये। इस दौरान महानगर में अनेक स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा शिव भक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। जबकि कांवड़ियों द्वारा बोल बम बम के जयकारों से महानगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
