सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। सपा कार्यकर्ताओं ने आज कैराना सांसद इकरा हसन के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने वाले योगेन्द्र राणा के सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। महानगर विधानसभा प्रभारी अभिषेक टिंकू अरोड़ा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी आशीष तिवारी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि करणी सेना के तथाकथित पदाधिकारी योगेन्द्र राणा निवासी मुरादाबाद ने कैराना सांसद इकरा हसन के विरुद्ध सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से अत्यंत आपत्तिजनक, अभद्र, अश्लील एवं नारी गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली टिप्पणियां प्रसारित की है। इन टिप्पणियों से सांसद के व्यक्तिगत सम्मान पर सीधा हमला किया है। जब इस मामले ने तूल पकड़ा और नारी संगठनों तथा व्यापक जनमानस में तीव्र आक्रोश उत्पन्न हुआ, तो संबंधित व्यक्ति योगेन्द्र राणा ने उक्त आपत्तिजनक पोस्ट-वीडियो को तुरंत डिलीट कर दिया। उक्त वीडियो-पोस्ट के स्क्रीनशॉट्स व विवरण अभी भी सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध हैं, जो इस अपराध का पुख्ता प्रमाण है। सपा कार्यकर्ताओं ने एसएसपी आशीष तिवारी से योगेन्द्र राणा की अविलंब गिरतारी सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ कोई भी अभद्र टिप्पणी ना कर सके।
टिंकू अरोड़ा ने कहा कि ऐसी घटिया सोच रखने वाला व्यक्ति सर्व समाज के लिए कलंक है ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी से मिलने वालो में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष वासिल तोमर, मोनू गुर्जर, अनमोल गुर्जर, गोल्डी गुर्जर, सुमित गुर्जर, शिवम् गुर्जर, शिवांग शर्मा, शुभम, शुभम थापा आदि शामिल रहे।
