मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। शिवरात्रि के पर्व पर शुरू हुई कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों को कांवड़ शिविरों में मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए शुक्रवार को डीएम और एसएसपी ने नेशनल हाईवे स्थित कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने शिव भक्तों से उनकी समस्याएं सुनते हुए समाधान का आश्वासन और सुरक्षा का भरोसा दिया।
शुक्रवार की सुबह डीएम वीके सिंह और एसएसपी विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के साथ दौराला क्षेत्र स्थित दुल्हेड़ा पुलिस चौकी पर पहुंचे। इसके बाद तीनों अधिकारियों ने एनएच-58 पर पड़ने वाले कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिसमें पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, सुरक्षा और चिकित्सा के इंतजामों को लेकर शिविर संचालकों से जानकारी जुटाई। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों में आराम कर रहे कांवड़ियों से भी बातचीत की। कांवड़ियों ने अधिकारियों से अपनी समस्याओं को साझा किया। जिस पर तीनों अधिकारियों ने कांवड़ियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसी के साथ कांवड़ियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया। एसएसपी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों को भी परखा गया। जिसमें सब कुछ सही पाया गया है।
