मेरठ संवाद सूत्र। स्कूल बस ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच कांवड़िये घायल हो गए। इसके बाद उनके साथियों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार दिलाकर रवाना किया। बस को कब्जे में लिया गया है। गाजियाबाद के कांवड़ियों की एक टोली जल उठाने के बाद अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही यह टोली मेरठ में सदर बाजार थाना क्षेत्र के कैंटोनमेंट अस्पताल के निकट पहुंची, पीछे से आई एक स्कूली बस ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कई कांवड़िये घायल हो गए। गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया और स्कूल बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कांवड़ियों के हंगामे की सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभालते हुए घायल कांवड़ियों को तुरंत पास ही कैंटोनमेंट अस्पताल भिजवाया। घायल कांवड़ियों की पहचान बॉबी, अभिषेक, संदीप, राहुल और सोनू के रूप में हुई है, जिन्हें इंस्पेक्टर मुनीश कुमार शर्मा ने उपचार दिलाकर गाजियाबाद के लिए रवाना कर दिया। इंस्पेक्टर मुनेश कुमार शर्मा का कहना है कि मामूली चोट थी, जिसके बाद सभी कांवडियो की ड्रेसिंग कराकर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। पल्लवपुरम में कांवड़ियों का हंगामा मेरठ संवाद सूत्र। सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली को हटाने की बात कही तो कांवड़ियों का पारा चढ़ गया। उनकी पुलिसकर्मियों से नोकाझोंक होने लगी। रूड़की रोड पर जाम लगता चला गया। करीब पंद्रह मिनट तक गहमागहमी होती रही। बाद में कुछ लोगों के समझाने पर कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ और वह हरिद्वार की ओर बढ़ गए।गाजियाबाद के फरीदपुर गांव से 15-20 कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से डीजे कांवड़ लेने के लिए निकला। मेरठ में रुड़की रोड पर पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में डोरली के सामने इन कांवड़ियों ने अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर खड़ी की और डिवाइडर पर आराम करने लगे। सड़क के दोनों ओर कींचड़ थी। काफी पानी भी भरा था। पास ही ड्यूटी पर तैनात चौकी इंचार्ज शीलेंद्र सिंह व कुछ पुलिसकर्मी कांवड़ियों के पास पहुंचे और उन्हें वाहन सड़क के किनारे लगाने का आग्रह किया। इस पर कांवड़िए बहस करने लगे और फोन घुमाने शुरु कर दिए। पुलिस को देखकर कांवड़िए नोकझोंक करने लगे। दरोगा शीलेंद्र सिंह ने समझाया कि पास ही बारिश का पानी भरा है। अगर किसी वाहन की छींट पड़ गई तो आप ही विरोध करोगे। इस पर कांवड़िए और ज्यादा गर्म हो गए थे। वह वाहन ना हटाने की जिद पर अड़ गए।
जाम की सूचना पर दौड़े थानेदार करीब पांच मिनट तक पुलिसकर्मी कांवड़ियों को समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन कांवड़िए सुनने को तैयार नहीं थे। वह बस अपनी ही बोल रहे थे। अचानक वह सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। सूचना पर एसएचओ पल्लवपुरम रमेश चंद शर्मा पहुंचे और मान मनव्वल करते हुए कांवड़ियो को वहां से हटाया। इसके बाद कांवड़िए हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। समझाने पर मान गए कांवड़िए… एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सड़क के दोनों ओर बारिश का पानी भरा था। इसी को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर ट्राली हटाने के लिए बोला था। बाद में कांवड़िए समझाने पर शांत हो गए और आगे बढ़ गए।
