मेरठ संवाददाता। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर मेरठ में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) सक्रिय हो गई है। एटीएस के दस्ते ने मोदीपुरम पहुंचकर हाइटेक ड्रोन से पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। ड्रोन की बात करें तो यह खासा चर्चा में था। बताया जाता है कि यह वही ड्रोन है, जिसने पुलवामा में भी उड़ान भरी थी। करीब 50 लोगों का दस्ता यहां भेजा गया है जो जलाभिषेक तक यहीं रहेगा। कांवड़ यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्रा है। कई करोड़ कांवड़िया हरिद्वार से गंगाजल उठाकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हैं। ऐसे में शासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। 11 जुलाई से सावन लगते ही शुरु हुई कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि एटीएस को लगाया गया है। रविवार को यह दस्ता यहां पहुंच गया। दस्ते में शामिल हेड कांस्टेबल रोहित मान ने टीम के साथ मोदीपुरम पहुंचकर ड्रोन से पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। करीब एक किलोमीटर के दायरे में उन्होंने ड्रोन उड़ाया। इस दौरान पुलिस भी साथ मौजूद रही। हाईटेक ड्रोन विद इलेक्ट्रिक वॉयर: एटीएस के जिस ड्रोन ने हवा में उड़ान भरी, वह लोगों के बीच खासा चर्चा में रहा। चर्चा है कि यह ड्रोन पुलवामा मुठभेड़ में उड़ाया गया था। इसकी खास बात यह होती है कि इलेक्ट्रिक वायर से जुड़ा होता है। हवा में उड़ते वक्त भी वायर साथ रहती है। पहली बार कांवड़ मार्ग की सुरक्षा के लिए एटीएस ने ड्रोन उतारा है। ड्रोन की पावर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिन होने के बावजूद इसकी चमक अलग ही दिखाई दे रही थी।
काली पलटन की भी रहेगी जिम्मेदारी: एटीएस का दस्ता मजबूत सुरक्षा घेरा बनाकर काम करता है। यह दस्ता कांवड़ मार्ग की सुरक्षा के अलावा काली पलटन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को भी संभालेगा। जलाभिषेक से पहले ही यह मंदिर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लेगा। दस्ते में 50 सदस्य बताए जा रहे हैं। प्रत्येक दिन यह दस्ता कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर अलग अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान चलाएगा। एटीएस का दस्ता पहुंचा मेरठ: एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि एटीएस ने कांवड़ मार्ग पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। एक दस्ते ने मोदीपुरम में पहुंचकर हाईटेक ड्रोन उड़ाकर पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
लगभग प्रत्येक दिन यह ड्रोन कांवड़ मार्ग पर उड़ान भरेगा।
