पिलखुवा (हापुड़) संवाददाता। हापुड़ जिले के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर की मढ़ैया में शुक्रवार देर रात एक दुखद हादसा हुआ। जब भारी वर्षा के कारण एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय शेखर अपने परिवार के साथ रघुनाथपुर गांव में रहते हैं। वह कामगार हैं। उनके परिवार में 30 वर्षीय पत्नी रजनी, 10 वर्षीय बेटी तान्या, दीपांशी नौ साल, काव्या छह साल और भूमि तीन साल और 13 वर्षीय भतीजा मयंक शामिल हैं। शेखर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शुक्रवार रात को भारी बारिश के बीच शेखर अपने परिवार के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे। रात के समय अचानक मकान की छत भरभराकर नीचे गिर गई, जिसके मलबे में पूरा परिवार दब गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सरस्वती मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान 13 वर्षीय मयंक ने दम तोड़ दिया, जबकि शेखर, रजनी और दीपांशी की हालत गंभीर बनी हुई है। मयंक की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और पड़ोसियों का परिवार के घर आना-जाना लगा हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण भारी बारिश के दौरान मकान की कमजोर छत का गिरना सामने आया है। मयंक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। स्थानीय प्रशासन भी इस मामले पर नजर रखे हुए है और परिवार की मदद के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
