मवाना संवाददाता। नगर पालिका परिषद मवाना में अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक की अध्यक्षता में कर विभाग, किराया विभाग व डाक विभाग के कर्मचारियों के साथ साप्ताहिक विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सबसे पहले कर विभाग की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मौहल्ला काबलीगेट के गृहकर-जलकर बिल अगले सप्ताह तक घर-घर पहुंचाकर करदाताओं से हस्ताक्षर कराए जाएं। साथ ही सभी बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस भेजने और शुगर फैक्ट्री सहित नगर का सम्पूर्ण सर्वे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। कर अधीक्षक ने बताया कि मौ. काबलीगेट के बकायेदारों से अब तक 28 लाख में से 10 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है, शेष राशि भी जल्द वसूल की जाएगी। वहीं नगर की सीमा विस्तार से संबंधित पत्रावली उपजिलाधिकारी के स्टेनो बाबू को भेज दी गई है और संबंधित कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पश्चात किराया विभाग की बैठक में किराया लिपिक ने बताया कि पालिका के सभी बकायेदारों को 15 दिन का अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। निर्धारित समयावधि में भुगतान न करने पर आरसी जारी कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पूरे महीने का किराया कलेक्शन रजिस्टर में प्रतिदिन दर्ज किया जाए और सिकमी वारिसान किरायेदारों की आरसी भी जारी की जाए। जिन किरायेदारों ने नोटिस प्राप्त नहीं किए हैं, उनके मकान या दुकानों पर नोटिस चस्पा किए जाएं। अंत में डाक विभाग की बैठक में डाक लिपिक ने जानकारी दी कि गत सप्ताह से अब तक पालिका को विभिन्न विषयों से जुड़ी 12 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 7 का निस्तारण हो चुका है। शेष 5 शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को सूचना देकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।
