मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। मेरठ कॉलेज के विशाल सेमिनार हॉल में मेरठ कॉलेज टीचर एसोसिएशन द्वारा वर्तमान सत्र में सेवानिवृत हुए विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों को विदाई दी गई। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर अंजलि मित्तल एवं प्रोफेसर सीमा पंवार ने दीप प्रज्वलित करके की। प्रो सीमा पंवार ने अपने संबोधन में बताया कि आज के तकनीकी युग में शिक्षक की भूमिका और भी प्रासंगिक है। नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को महत्ता देना भी सीखना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में मेक्टा के अध्यक्ष प्रो हेमंत पांडे एवं सचिव प्रो आनंदवीर ने सभी शिक्षकों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम का संचालन सरस्वती महिला छात्रावास की वार्डन डॉ श्वेता जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त शिक्षक साथियों ने अपने सेवा काल की खट्टी मीठी यादें साझा की। कार्यक्रम में प्रोफेसर नरेश कुमार ने अपने संस्मरण सुनाए। वही इतिहास विभाग के प्रोफेसर वकुल रस्तोगी ने अपनी कविता के द्वारा उपस्थित जन समुदाय का भरपूर मनोरंजन किया। इस सत्र में सेवानिवृत होने वाले शिक्षकों में जंतु विज्ञान विभाग की प्रो सीमा शर्मा, गणित विभाग के प्रो नरोत्तम कुमार, इतिहास विभाग के प्रो वकुल रस्तोगी, भूगोल विभाग के प्रो नरेश कुमार, जंतु विज्ञान विभाग की प्रो निशा मनीष, रसायन विज्ञान विभाग के बीपी यादव को मेरठ कॉलेज की टीचर एसोसिएशन यानि मेक्टा ने भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो प्रगति रस्तोगी, डॉ दिग्विजय सिंह, डॉ धीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ दीपक वर्मा, डॉ अतुल यादव, डॉ सुधीर मलिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जंतु विज्ञान विभाग की प्रो निशा मनीष ने अपनी सुरीली आवाज में एक कविता पाठ किया। कार्यक्रम के अंत में मेक्टा के अध्यक्ष डॉ हेमंत पांडे ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
