मवाना। शुक्रवार को सावन मास का पहला दिन था। मवाना में पूरी तरह शिवमय नजर आया। तड़के से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पूरे नगर में “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। नगर के प्रमुख मंदिरों कृ भूतेश्वर महादेव, दुर्गा मंदिर, सत्ती मंदिर, शिव चौक मंदिर, ब्रह्मपुरी मंदिर सहित अनेक शिवालयों में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भस्म और धतूरा अर्पित कर भोलेनाथ को प्रसन्न किया। सबसे ज्यादा फिरोजपुर महादेव मंदिर में रही, जो क्षेत्र का प्रमुख तीर्थ स्थल है। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे, लेकिन भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर में अव्यवस्था साफ नजर आई। सुरक्षा के नाम पर भी पुलिस व्यवस्था न के बराबर रही, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि अगले सोमवार को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएं और पुरा महादेव जैसे पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरते। सावन की शुरुआत शिवभक्ति के जोश के साथ हुई, लेकिन अव्यवस्थाओं ने आस्था पर आघात करने का काम किया। अब देखना होगा कि आने वाले सोमवारों में प्रशासन इस अनुभव से क्या सबक लेता है।
