लखनऊ एजेंसी। यूपी में मानसून मेहरबान है। नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 20 सेमी और यमुना का 77 सेमी बढ़ा है। यहां गंगा 78.27 मीटर पहुंच गईं हैं। यह खतरे के निशान से 6 मीटर कम है। मंगलवार सुबह गंगा का पानी रामघाट तक पहुंच गया। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर 62.58 मीटर पर पहुंच गया। यहां वॉर्निंग लेवल 70.26 है। काशी में 20 से अधिक घाटों में पानी भर गया। ग्रेटर नोएडा में बारिश के चलते 4 मंजिला निर्माणाधीन मकान ढह गया। इधर, बिजनौर में गंगा का जलस्तर बढ़ने की वजह से मगरमच्छ गांव की धर्मशाला में घुस गया। 10 फीट के मगरमच्छ को देखकर वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे वापस गंगा में छोड़ा। बिजनौर में धर्मशाला में घुसा मगरमच्छ 10 फीट का मगरमच्छ: बिजनौर में गंगा नदी उफान पर है। यहां मांडवार थाना क्षेत्र के चाहडवाला गांव में एक मगरमच्छ धर्मशाला में घुस गया। मगरमच्छ को देखकर आसपास के लोग डरकर भाग गए। थोड़ी देर में वन विभाग की टीम पहुंची। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने बमुश्किल पकड़कर उसे रस्सी से बांधा। फिर वापस गंगा नदी में छोड़ा है। वन विभाग ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है।
