सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। सर्वदलीय संघर्ष समिति की बैठक में नगर निगम द्वारा गृहकर, जलकर और सीवर कर में सैकड़ों गुना वृद्धि करने पर जनता के आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न करने का मुद्दा छाया रहा। लेकिन महापौर से मिले आश्वासन के बाद समिति ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। रेलवे रोड स्थित व्यापार भवन में सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कार्यालय में आयोजित समिति की बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक मनोचा सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने गृहकर, जलकर और सीवर कर की वृद्धि के नाम पर जनता के साथ किए जा रहे शोषण का पुरजोर विरोध किया। सभी ने एकमत होकर इस उत्पीड़न को अस्वीकार करने और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। सर्वदलीय संघर्ष समिति ने बताया कि महापौर डॉ. अजय सिंह ने उनकी मांगों पर विचार करते हुए कुछ राहत देने का आश्वासन दिया है। महापौर के अनुसार, 2024 से पहले बने घरों पर, जिनका नया निर्माण या स्वामित्व हस्तांतरण नहीं हुआ, पुराना कर ही लागू होगा और अगले तीन साल तक इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।
इसके अलावा चैरिटेबल और अन्य संस्थाओं पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा। नई कामर्शियल संपत्तियों पर नियमानुसार कर लगेगा, लेकिन पुराने करों पर भी सहानुभूति के आधार पर राहत दी जाएगी। समिति ने महापौर को याद दिलाया कि जनता ने उन्हें जनहित के लिए चुना है और उनसे उत्पीड़न समाप्त करने की अपेक्षा है। महापौर के आश्वासन पर समिति ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जनहित में निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन फिर शुरू होगा। इस दौरान समिति के अध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता के हित में वे हर कदम पर साथ हैं। बैठक में समिति के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
