मेरठ, वरिष्ठ संवाददाता। देर रात ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त की पोल खोलते हुए बदमाशों ने कोल्ड ड्रिंक डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम की छत उखाड़ कर 15 लाख का कैश चोरी कर लिया। वारदात से पहले बदमाशों ने सीवरेज प्लांट में सरिया डालकर और एडजॉस्ट फैन उखाड़ कर भी गोदाम में दाखिल होने की कोशिश की थी। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। गोदाम मालिक ने बताया कि उन्होंने लेबर को सैलरी देने के लिए एक दिन पहले ही बैंक से रकम निकाली थी। खास बात यह है कि बदमाश गल्ले में 10 हजार की रकम छोड़ गए। वहीं, जाते समय गोदाम के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकाल कर ले गए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है। जानकारी के मुताबिक आरके पुरम में रहने वाले साहिल हांडा का घर के सामने ही जीके ट्रेडर्स के नाम से ऑफिस और गोदाम है। साहिल हांडा ने बताया कि वह कैंपा कोल्ड ड्रिंक के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। शनिवार की सुबह साहिल ने ऑफिस खोला तो अंदर केबिन का कांच टूटा हुआ था और गल्ले में रखी 15 लाख की रकम गायब थी। बदमाशों ने गल्ले में सिर्फ 10 हजार कैश छोड़ा था। जाते समय बदमाश सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकाल कर ले गए थे। घटना की जानकारी के बाद एएसपी ब्रह्मपुरी अंतरिक्ष जैन फॉरेंसिक टीम और थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पता चला कि पहले बदमाशों ने गोदाम के बाहर स्थित सीवरेज प्लांट में सरिया डालकर प्लांट के जरिए भीतर घुसने की कोशिश की थी। लेकिन, जब कामयाबी नहीं मिली तो सरिया सीवरेज प्लांट में छोड़कर बदमाशों ने गोदाम का एग्जॉस्ट फैन उखाड़ कर गोदाम के अंदर घुसना चाहा। मगर यहां भी बदमाश नाकामयाब रहे। इसके बाद बदमाश छत पर लगी टीन शेड के नट-बोल्ट खोलकर भीतर दाखिल हुए और चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए। हालांकि जिस टीन शेड के जरिए बदमाश भीतर दाखिल हुए हैं, उसे देखने से साफ जाहिर है कि गोदाम में दाखिल होने वाला बदमाश काफी पतला-दुबला था। क्योंकि इस टीन शेड के संकरे रास्ते से कोई हट्टा-कट्टा व्यक्ति गोदाम में नहीं घुस सकता। पूछताछ के दौरान साहिल हांडा ने पुलिस को बताया कि उनके गोदाम में लगभग 20 से 25 कर्मचारी काम करते हैं। हर महीने की पांच तारीख को वह कर्मचारियों को सैलरी देते हैं। जिसके चलते उन्होंने एक दिन पहले ही बैंक से 15 लाख का कैश निकला था। साहिल ने बताया कि दो दिन पहले ही उन्होंने गोदाम के तीन कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। पीड़ित गोदाम संचालक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है। वहीं, पुलिस घटना में किसी करीबी का हाथ मानकर जांच में जुटी है।
