मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ में 11 वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम है “ एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिये योग”। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज मेरठ में संचालित सभी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थीयो ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाये जाने हेतु महाविद्यालय के संकाय सदस्य, पैरा मेडिकल स्टाफ, कार्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राओ ने प्रसिद्ध योग गुरु मनीष गुप्ता और मेडिकल कॉलेज मेरठ के फार्मेसी विभाग के आचार्य डॉ प्रदीप यादव के नेतृत्व में कॉलेज के परिसर के लॉन में एकत्रित होकर विभिन्न तरह के आसन, ध्यान व सूर्यनमस्कार किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरीकांत अहलूवालिया, महापौर, मेरठ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगो में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि योग के द्वारा हम अपने शरीर को निरोगी बना सकते है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर सी गुप्ता ने नियमित योग करने के लाभ बताते हुए बताया कि योग करने से अनेकों प्रकार की बीमारियो से जल्दी ठीक होने में मदद मिलती है। मेडिकल कॉलेज मेरठ के उप प्राचार्य एवं अस्थि रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ ज्ञानेश्वर टाँक ने प्रतिदिन योग को अपनी जीवनशैली में शामिल किए जाने हेतु प्रेरित किया। योग कार्यक्रम का आयोजन फिजियोलॉजी विभाग की आचार्य डॉ ललिता चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि “योगी बने, निरोगी बने”।
