मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। कुछ दिनों पहले भैंसाली बस स्टैंड पर रोडवेज की बस में सवार शामली के ज्वैलर का बैग काटकर लाखों रुपए का सोना-चांदी उड़ाने वाले तीन बदमाशों को देर रात सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। माल की बरामदगी के दौरान एक बदमाश ने दरोगा की पिस्टल छीन कर फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश शाहरुख पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से सवा किलो चांदी बरामद की गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले शामली के धर्मपुरा मोहल्ला निवासी ज्वेलर दर्शन लाल कपूर रोडवेज बस से मेरठ आए थे। इसी दौरान बस में सवार बदमाशों ने दर्शन लाल का बैग काटकर 15 ग्राम कच्चा सोना और 2 किलो 250 ग्राम कच्ची चांदी चोरी कर ली थी। इस मामले में दर्शन लाल की तहरीर पर सदर थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया था। देर रात सदर पुलिस ने घटना में शामिल फिरोज नगर निवासी आसिफ, लावड़ निवासी शाहरुख और तारापुरी निवासी सलमान को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने बताया कि चोरी का माल उन्होंने कैंट रेलवे स्टेशन के पास छुपाया हुआ है। गुरूवार को तड़के पुलिस आरोपी शाहरुख को माल की बरामदगी के लिए कैंट स्टेशन के पास लेकर गई थी। इस दौरान शाहरुख ने कैंट स्टेशन के पास छुपाई गई 1.25 किलोग्राम चांदी पुलिस को सौंपी। मगर इसी बीच शाहरुख ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन कर फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहरुख पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी के मुताबिक पकड़े गए तीनों बदमाशों का अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास है।
