नई दिल्ली एजेंसी। दिल्ली में शनिवार को आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। दिल्ली में गुरुवार इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जब श्महसूस होने वालाश् तापमान या हीट इंडेक्स 54.4 डिग्री सेल्सियस को छू गया। चूंकि शहर के कई हिस्सों में लगातार चौथे दिन लू चली, मौसम विज्ञानी, जिन्हें शुक्रवार से राहत की उम्मीद थी, ने अब उस दिन लू चलने की आशंका जताई है, साथ ही गरज के साथ बारिश होने का भी अनुमान लगाया है। सफदरजंग में शहर के बेस वेदर स्टेशन ने अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था और मंगलवार के 43.8 डिग्री के बाद इस मौसम का सबसे अधिक तापमान था। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 68 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने कहा कि शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 156 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है। दूसरी ओर राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार से मानसून पूर्व बारिश होने की संभावना है जिससे लोगों को कई दिन की प्रचंड गर्मी से राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार उत्तर पश्चिमी राजस्थान व आसपास में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है जिसके प्रभाव से उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद बादल गरजने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश होने की संभावना है।
