मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। शहर सर्राफा बाजार से एक बार फिर एक ज्वैलर को बंगाली कारीगर द्वारा लाखों का चूना लगाने का मामला सामने आया है। इस बार एक बंगाली कारीगर योजनाबद्ध तरीके से ज्वैलर का 25 लाख का सोना लेकर फरार हो गया। खास बात यह है कि फरार होने से चार दिन पहले ही बंगाली कारीगर ने घर में जरूरत बताकर ज्वैलर से एक लाख की रकम एडवांस ली थी। सर्राफा कारोबारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचे पीड़ित ने बंगाली कारीगर को नामजद करते हुए तहरीर दी है। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि शहर के रहने वाले राजकुमार डिंडा की कागजी बाजार में ज्वैलरी वर्कशॉप है। पश्चिम बंगाल का रहने वाला 20 वर्षीय शेख शमीम राजकुमार की दुकान पर काम करता था। राजकुमार ने बताया कि चार दिन पहले शेख शमीम ने कहा कि उसके परिवार में पैसों की जरूरत है। शमीम की बात पर विश्वास करके राजकुमार ने उसे एक लाख की रकम बतौर एडवांस दे दी। ब्रहस्पतिवार की रात करीब 8रू30 बजे शेख शमीम ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद 265 ग्राम सोना लेकर दुकान से फरार हो गया।
देर रात बंगाली कारीगर के फरार होने की जानकारी होने पर राजकुमार ने घटना की जानकारी विजय आनंद अग्रवाल को दी। सुबह को मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ देहली गेट थाने पहुंचे पीड़ित ज्वैलर राजकुमार डिंडा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि आरोपी शेख शमीम लगभग 25 लाख का सोना लेकर फरार हुआ है। इंस्पेक्टर देहली गेट ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
