मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में साकेत स्थित ऊर्जा भवन पर पश्चिमांचल विद्युत निगम के एम.डी. का घेराव कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन ने ऊर्जा भवन का गेट बंद कर दिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने पाँच प्रतिनिधियों को एम.डी. से मिलने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा, किंतु कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं के भीतर जाने की मांग की। इस दौरान पुलिस प्रशासन और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि मेरठ नगर में विगत वर्षों से लगातार विद्युत कटौती की समस्या बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुकी है। परंतु वर्तमान में भीषण गर्मी के बीच घंटों की अघोषित बिजली कटौती ने आमजन का जीवन दुश्वार कर दिया है। विभाग को जनता की प्राथमिक समस्याओं का स्थाई समाधान तत्काल सुनिश्चित करना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा किबिजली की आपूर्ति विशेष रूप से दलित, मुस्लिम बस्तियों और अन्य क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना के की जा रही कटौती से जनता में भारी रोष है। मलिन बस्तियों में पुराने तारों व ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदला जाए। हर बिजली घर पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, कम वोल्टेज की गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
प्रदर्शन में हरिकिशन अम्बेडकर, सलीम खान, धूम सिंह गुर्जर, विनोद सोनकर, रोहित पाराशर, सलीमुद्दीन शाह, अशोक आर्य, महेंद्र गुर्जर, रवींद्रनाथ गोलू, रविंद्र सिंह, संजय कटारिया, सुरेंद्र शर्मा, पीयूष रस्तोगी, शमसुद्दीन चौधरी, रीना शर्मा, नसीम राजपूत, सचिन शर्मा, अनिल प्रेमी, तेजपाल डाबका, अवधेश सक्सेना, नरेश नेगी, राजकुमार शर्मा, विकास शर्मा, श्रीप्रकाश त्यागी, आरिफ राजपूत, राजन त्यागी, डॉ. सरफराज, इरफान अंसारी, वसीम अंसारी, हरिकिशन प्रजापति, कुलदीप शर्मा, अनिल अरोड़ा रहे।
