मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। हरित पर्यावरण, सुरक्षित भविष्य थीम पर बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल में पौधारोपण का आयोजन किया गया। बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने हेतु विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम थी हमारी धरती, हमारा भविष्य, जिसका उद्देश्य छात्रों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल व छात्रों द्वारा पौधारोपण कर किया गया। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण की रक्षा के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाने की प्रेरणा दी। विद्यालय परिसर में 50 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता लाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह न सिर्फ पर्यावरण की रक्षा करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करेगा। हमें अपने नाम से एक पौधा जरूर लगाना चाहिए क्योंकि यह हमारे शुद्ध भविष्य का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली, जिसमें प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल और ऊर्जा की बचत करने, तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प शामिल था। बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल ने घोषणा की कि पर्यावरण से संबंधित ऐसे शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे। अंत में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रधानाचार्य ने प्रबंधन तंत्र की तरफ से सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
