मेरठ। परतापुर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने सास-ससुर और अन्य दबंगों पर जबरन अपनी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सोमवार को महिला के परिवार के लोग घायल महिला को एंबुलेंस में लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। जहां महिला ने आरोप लगाया कि दबंगों ने बुलडोजर लेकर उसके घर पर चढ़ाई कर दी। विरोध करने पर महिला और उसके बेटे की जमकर पिटाई की। महिला का बेटा गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। जहां उसकी जान को खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। गगोल रोड की रहने वाली घायल कोमल को एंबुलेंस में लेकर उसके परिवार के लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे। कोमल ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ पति के हिस्से की जमीन पर मकान बनाकर रह रही है। आरोप है कि कोमल के सास-ससुर और जेठ आदि इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। जिसके चलते आए दिन महिला को धमकी देते रहते हैं। कोमल ने आरोप लगाया कि बीती 25 मई को दबंग परिजन बुलडोजर लेकर उसके घर पर आ धमके और घर पर बुलडोजर चलाते हुए कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान महिला और उसके बेटे ने विरोध किया तो दबंगों ने बलकटी से हमला करके महिला और उसके बेटे को लहूलुहान कर दिया। घटना में घायल हुआ महिला का बेटा अब तक आईसीयू में भर्ती है। महिला का आरोप है कि इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मगर, पुलिस ने अब तक सिर्फ दो को गिरफ्तार किया है। खुले घूम रहे छह अन्य आरोपी अस्पताल में भर्ती महिला के बेटे को धमकियां दे रहे हैं। महिला ने पुलिस सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
