मवाना, संवाददाता। ग्राम भंडौली, तहसील मवाना की रहने वाली बबली पत्नी अशोक कुमार ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर अपनी व अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। बबली ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग जबरन उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और विरोध करने पर उसे व उसके परिवार को धमकियां भी दी जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबली के पति द्वारा वर्ष 2021 में गांव के ही व्यक्ति विनोद पुत्र सुभाष से प्लॉट संख्या 8327 को खरीदा गया था, जिसका रजिस्ट्रेशन भी करवाया गया था। महिला का कहना है कि वह उक्त प्लॉट पर निर्माण कार्य करना चाहती हैं, लेकिन विपक्षीगण उक्त भूमि पर अपना दावा कर जबरन निर्माण करना चाहते हैं। बबली ने आरोप लगाया कि 29 मई 2025 को सुबह 3रू30 बजे विपक्षीगण जबरन उक्त भूमि पर कब्जा करने आ पहुंचे और विरोध करने पर गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने प्रार्थनापत्र में यह भी कहा कि यदि प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। महिला ने उपजिलाधिकारी से उक्त भूमि पर अवैध निर्माण को रोकने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
